भारत की आर्थिक ताकत ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपना परचम लहराया है। भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, उसने जापान को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। यह जानकारी नीति आयोग के CEO बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के नवीनतम आंकड़ों के आधार पर दी।
नीति आयोग की उच्चस्तरीय बैठक में सुब्रह्मण्यम ने बताया कि अब भारत से आगे सिर्फ अमेरिका, चीन और जर्मनी हैं। इसका मतलब है कि भारत ने वैश्विक आर्थिक रैंकिंग में एक महत्वपूर्ण छलांग लगाई है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की विकास दर और उत्पादन क्षमता आने वाले समय में और भी ऊंचाइयों को छू सकती है।
जहां भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है, वहीं जापान कई आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। खासकर महंगाई, घटती जनसंख्या, और बढ़ते टैरिफ ने जापान की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया है। इससे भारत को बढ़त लेने का मौका मिला और उसने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
एक सवाल के जवाब में, बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत अब तकनीक, विनिर्माण और निर्यात के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने Apple जैसी कंपनियों के भारत में निर्माण को लेकर मौजूदा टैक्स नीति और व्यापारिक माहौल को अनुकूल बताया।