सोने की रफ्तार धीमी, क्या रैली अब थम गई है?अप्रैल 2025 में 3,500 डॉलर प्रति औंस की ऐतिहासिक ऊंचाई छूने के बाद सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। फिलहाल सोना 3,250 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है, जो कि अपने शिखर से करीब 250 डॉलर (लगभग 7%) नीचे है। पिछले 9 महीनों में करीब 50% की जबरदस्त तेजी के बाद अब निवेशकों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह तेजी अब थम गई है?
रिपोर्ट के अनुसार, Gold/Silver Ratio 100:1 के स्तर पर पहुंच चुका है, जबकि ऐतिहासिक रूप से यह अनुपात 70:1 के आसपास रहता है। इसका मतलब है कि या तो सोना सस्ता होगा या चांदी महंगी। वहीं, Gold/Platinum Ratio भी सामान्य 1-2 के स्तर से बढ़कर 3.5 हो गया है। इसका संकेत है कि सोना फिलहाल अधिक कीमत पर ट्रेड हो रहा है और इसमें करेक्शन की संभावना बन रही है।
2022-23 में भू-राजनीतिक तनाव, केंद्रीय बैंकों की आक्रामक खरीदारी और वैश्विक अस्थिरता ने सोने को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। 2025 की शुरुआत में ट्रम्प सरकार के टैरिफ फैसलों ने इस तेजी को और बल दिया। लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिका-चीन के बीच व्यापार वार्ता की संभावनाएं बन रही हैं और टैरिफ में नरमी आ सकती है। इसका असर निवेशकों के रुझान पर पड़ा है, जो अब सोने से निकलकर इक्विटी और इंडस्ट्रियल मेटल्स की ओर बढ़ रहे हैं।
US Dollar Index अब 100 के ऊपर ट्रेड कर रहा है, जो पिछले तीन वर्षों का उच्चतम स्तर है। मजबूत डॉलर आमतौर पर सोने की कीमतों को दबाव में डालता है, और हाल की गिरावट में यह एक अहम कारक रहा है।
हालांकि कीमतें नीचे आई हैं, लेकिन पूरी तरह से गिरावट की पुष्टि करना जल्दबाज़ी होगी। अगर वैश्विक मंदी, ट्रेड वॉर या अमेरिकी कर्ज संकट जैसे हालात फिर से सामने आते हैं, तो सोने में दोबारा तेजी संभव है। US GDP में -0.3% की गिरावट, घटता कंज़्यूमर कॉन्फिडेंस और जून में संभावित रेट कट सोने के पक्ष में काम कर सकते हैं।
घरेलू बाज़ार में सोना अभी 92,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है, जो हालिया 1 लाख के स्तर से नीचे है। ऐसे में शादी-ब्याह के सीज़न और लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए यह "डिप में खरीदारी" का अच्छा अवसर हो सकता है।
अगले महीने दो बड़े घटनाक्रम सोने की दिशा तय कर सकते हैं:
• 9 जून: ट्रम्प द्वारा लगाए गए 'Reciprocal Tariffs' की 90 दिन की समयसीमा पूरी होगी।
• 17-18 जून: फेडरल रिजर्व की FOMC बैठक, जिसमें ब्याज दरों में कटौती की संभावना है।